सुरियावां। कोतवाली क्षेत्र के मतेथू गांव में विसर्जन से लौट रहे एक युवक को दो शरारती युवकों ने चलते ट्रैक्टर से नीचे फेंक दिया। घटना में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। घायल का इलाज पास के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। नगर के चौक मोहल्ले में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए सैकड़ों की संख्या में युवक ट्रैक्टरों से वहिदा नहर की तरफ गए थे। विसर्जन के बाद लौटते समय रास्ते में सुरियावां नगर निवासी संजय भोजवाल के 24 वर्षीय बेटे शुभम भोजवाल का ट्रैक्टर पर सवार अन्य युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ट्रैक्टर पर मौजूद दो युवकों ने शुभम को चलते ट्रैक्टर से नीचे फेंक दिया। हादसे में शुभम के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर शुभम के पिता ने सुरियावां कोतवाली में दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।