कौलापुर। गोपीगंज के सुजातपुर निवासी आशीष तिवारी (35) की बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। बीते 24 फरवरी को वे अपने रिश्तेदार से मिलने ऊपरदाहा प्रयागराज गए थे। वहां से लौटते समय बरौत के पास वे सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। बरौत में एक वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे वे छिटककर सड़क किनारे लगे लोहे के एंगल से टकरा गए। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर लेकर गए, जहां हालत में सुधार न होने पर उन्हें एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। आशीष तिवारी की शादी साल 2011 में बदरी गांव में हुई थी। उनके चार बच्चे हैं। जिनमें दो बेटियां और दो बेटे हैं। सबसे बड़ी बेटी 14 साल की है। आशीष की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।