वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल खंड के सराय कंसराय स्टेशन पर मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे सारनाथ एक्सप्रेस के सामने कूदकर जौनपुर के कमासिन निवासी सचिन गौतम (30) ने कूदकर जान दे दी। पीआरवी की लापरवाही से एक घंटे तक युवक का शव ट्रैक पर ही पड़ा रहा। इसके चलते पंजाब मेल एक घंटे तक खड़ी रही। जंघई से जीआरपी के आने पर शव को पीएम के लिए भेजा गया। उसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य को रवाना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सराय कंसराय स्टेशन के समीप 30 वर्षीय युवक दोपहर में तीन बजे के आसपास टहल रहा था। उसी दौरान दुर्ग से छपरा जा रही सारनाथ एक्सप्रेस के सामने युवक कूद गया। इससे उसका शरीर क्षत-विक्षत हो गया। जेब में मिले कागजात के आधार पर उसकी शिनाख्त जौनपुर के मीरगंज थाना क्षेत्र के कमासिन निवासी सचिन गौतम के रूप में हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची। रेलवे का मामला बताकर ट्रैक से शव को नहीं हटाया। पुलिस शव को रेलवे ट्रैक पर पड़ा छोड़कर देखती रही। इससे एक घंटे तक पंजाब अमृतसर से हावड़ा जाने वाली 3006 पंजाब मेल खड़ी रही। जीआरपी उप निरीक्षक दीपक कुमार ने पहुंचकर शव को हटवाया तब ट्रेन रवाना हुई।