ज्ञानपुर। इटावा में कथावाचक से की गई अभद्रता को लेकर अखिल भारतीय यादव महासंघ मुखर है। शनिवार को संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित मांगपत्र डीएम को सौंपते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। कहा कि इटावा के दादरपुर गांव में भागवत कथा के दौरान समुदाय विशेष के लोगों ने हमारे समाज के कथावाचक को सार्वजनिक रूप प्रताड़ित और अपमानित करते हुए मौलिक अधिकार का हनन किया है। यह एक आपराधिक कृत्य है जो समाज में वैमनस्य की भावना पैदा करता है। इसके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। चेतावनी दी कि उपरोक्त कुकृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अखिल भारतीय यादव महासंघ देश व्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर रामधर यादव, संतोष यादव, सर्वेश यादव, अवधेश यादव, प्रदीप यादव, रामनरेश, निहालचंद, विनोद यादव आदि मौजूद रहे।