चौरी। थाना क्षेत्र में वरुणा नदी के किनारे मिट्टी की खोदाई करते समय मईहरदोपट्टी निवासी मजदूर सुरेंद्र उर्फ नन्हकू (38) की मिट्टी के ढूहे में दबकर मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि मंगलवार की देर रात सुरेंद्र वरुणा नदी के किनारे मजदूरी पर मिट्टी खोदने गया था। इस दौरान नीचे की ओर मिट्टी खोदते समय ऊपर का ढूहा भरभरा कर मजदूरों के ऊपर गिर पड़ा जिससे अन्य मजदूर इधर-उधर होकर बच निकले लेकिन सुरेंद्र दब गया। अंधेरा अधिक होने के कारण किसी तरह उसे मिट्टी से बाहर निकाल कर निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसके पांच बच्चे हैँ। मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वहीं घटना के बाद से पत्नी समेत पूरे परिवार का रोकर बुरा हाल है। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष रामदरश ने इस मामले से अनभिज्ञता जता दी।