औराई के उगापुर में स्कूटी तिरंगा रैली का नेतृत्व करते डीएम आर्यका अखौरी। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शनिवार को हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत हो गई। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व ही शहर से लेकर गांव तक के घरों पर तिरंगा फहराने लगा है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कंपोजिट विद्यालय में स्कूटी तिरंगा रैली का नेतृत्व कर शिक्षिकाओं का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी में महिलाओं का भी अहम योगदान है। आज जीवन के हर क्षेत्र में महिलाएं कीर्तिमान गढ़ रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि देश के समग्र विकास में महिलाओं की अनिवार्य भूमिका है। बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि सैकड़ों महिला शिक्षिकाओं एवं अन्य महिला कर्मियों ने स्वतंत्रता सप्ताह एवं हर घर तिरंगा की ललक से स्वप्रेरित होकर इस तिरंगा स्कूटी रैली का आयोजन किया। हर घर तिरंगा आधारित सेल्फी प्वांईट पर तिरंगे झंडे के साथ गौरव पूर्ण भाव में जिलाधिकारी सहित सभी व्यक्तियों ने सेल्फी लेते हुए भारत माता की जय का उद्घोष किया। इस मौके पर बीईओ आशीष मिश्रा, प्रधानाध्यापक रामेश्वर दत्त आदि रहे। दारूल उलूम हबीबिया रिज्विया गोपीगंज में स्वाधीनता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। डीएम आर्यका अखौरी ने स्वाधीनता संग्राम में क्रांतिकारियों एवं राजनायकों के संघर्षों और बलिदानों पर प्रकाश डाला। देशभक्ति माहौल से युक्त वातावरण में जिलाधिकारी ने कहा कि यहां का उत्साहपूर्ण माहौल गंगा जमुनी तहजीब एवं हमारी सामाजिक संस्कृति का जीवंत रूप है। इस मौके पर प्रधानाचार्य मो. मुख्तार रिज्वी, इम्तियाज अहमद अंसारी, सीमा सिंह, कमरूद्दीन सिद्दीकी, इस्लामुद्दीन, हाजी अब्दुल मजीद, संजय सिंह, हाजी सुबहान साहब, हलीम प्रधान, मौलाना ताज मोहमद रजवी, अबू ओमामा साबिरी आदि रहे।