ज्ञानपुर। सुरियावां ब्लॉक के जमुनीपुर अठगवां की महिलाओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। डीएम को प्रार्थना पत्र देकर आवासीय पट्टा दिलाने की मांग की। कहा कि उनके पास एक धूर भी जमीन नहीं है। जिसके कारण वह तालाब के किनारे छप्पर आदि लगाकर परिवार साथ रहती थी, लेकिन पिछले दिनों उन्हें बेदखल कर दिया गया। अब उनको ठंड, बारिश में खुले आसमान के नीचे रहना पड़ रहा है। तहसील स्तरीय अधिकारियों को पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं की गई। सरकार की मंशा है कि गरीबों को बेदखली से पहले पट्टा एवं आवास दिया जाए, लेकिन जिले में इसका पालन नहीं किया जा रहा है। अधिकारी अतिक्रमण हटाने के नाम पर बेदखल कर रहे हैं, लेकिन वहां रहने वालों को वैसे ही छोड़ा जा रहा है। जिससे उनके परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में चंदा देवी, सोनी, गुजराती देवी, सीमा, रंजना आदि रहीं।