असनांव में महिला की मौत के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़। संवाद
सर्रोई (भदोही)। ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के असनाव बाजार में बुधवार की दोपहर ट्रैक्टर की चपेट में आकर महुलर दुबार, मिर्जापुर निवासी प्रेमा देवी (40) की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे उनके पति विश्राम मौर्य (44) गंभीर रूप से घायल हो गए। पति-पत्नी कटेबना, लक्ष्मणपट्टी में अपने रिश्तेदार के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे। मिर्जापुर के महुलर दुबार निवासी विश्राम मौर्य (44) अपनी पत्नी प्रेमा देवी को लेकर भदोही कोतवाली के कटेबना लक्ष्मणपट्टी में अपनी ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इस बीच बभनौटी-ज्ञानपुर रोड पर स्थित असनाव बाजार में वे पहुंचे ही थे कि इस बीच एक तेज गति से ट्रैक्टर चालक बगल से निकला और उनकी बाइक उसमें टच हो गई। घटना में विश्राम मौर्य सड़क के दूसरी ओर गिर गए। वहीं प्रेमा देवी सड़क की तरफ गिर गई और ट्रैक्टर के पिछले पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। इधर शादी वाले घर में भी मातम पसर गया। परिजन आनन-फानन में घटनास्थल की तरफ पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल विश्राम मौर्य का इलाज भदोही के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मृतका के भाई अवधेश कुमार मौर्य ने ट्रैक्टर चालक नरेश कुमार निवासी मल्लूपुर के खिलाफ तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।