थाना क्षेत्र के कुरमैचा गांव निवासी एक आशा संगिनी की बृहस्पतिवार की देर शाम सर्पदंश से मौत हो गई। सर्पदंश की जानकारी होते ही परिजन झाड़-फूंक में जुट गए। हालत बिगड़ने पर उसे लेकर निजी चिकित्सालय पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार कुरमैचा निवासी मंजू देवी (40) पत्नी मृत्युजंय बिंद आशा संगिनी थी। बृहस्पतिवार की देर शाम वह घर के दरबारी में रखी लकड़ी को खाना बनाने के लिए निकाल रही थी। इस बीच लकड़ी के अंदर मौजूद जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया। सर्पदंश की जानकारी हाेते ही परिजन झाड़-फूंक में जुट गए। इससे उसकी तबीयत और बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान आशा संगिनी ने दम तोड़ दिया। महिला के मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उसे लेकर घर पहुंचे। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने कलिंजरा घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया। स्थानीय लोगों के अनुसार झाड़-फूंक में देरी के कारण विवाहिता की जान चली गई। अगर समय रहते इलाज हो जाता तो जान बच सकती थी। विवाहिता के दो पुत्र हैं। महिला की मौत से परिजन सहित गांव के लोग भी शोकाकुल हैं।