गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के सुजातपुर गांव के पास रविवार को बाइक से गिरकर घायल महिला कुसुमा देवी (45) निवासी सरईराजपुतानी की ट्राॅमा सेंटर ले जाते समय मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार को परिवार वालों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। पति चंद्रबलि ने बताया कि सरई राजपूतानी निवासी कुसुमा देवी अपने मायके इब्राहिमपुर गई थीं। रविवार शाम को वह भतीजे के साथ बाइक से वापस घर लौट रही थीं। सेमराध मार्ग पर सुजातपुर के पास पहुंचने पर बाइक एक ब्रेकर पर उछल गई। इससे बाइक अनियंत्रित होने से वह सड़क पर गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने से वह अचेत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सीएचसी गोपीगंज लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।