गोपीगंज/ऊंज। चील्ह-गोपीगंज मार्ग पर चेतगंज के समीप रविवार को ट्रक से दबकर रुक्मिणी देवी (42) निवासी भानपुर-रोही की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक रुक्मिणी देवी के शिक्षक पति बसंत लाल ने बताया कि भाई को राखी बांधने मायके पुरजागिर-मिर्जापुर बाइक से जा रहे थे। चेतगंज के पास स्पीड ब्रेकर पर बाइक के उछलने पर रुक्मिणी देवी गिर पड़ी और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर दम तोड़ दिया। दूसरी घटना लालानगर स्थित टोलप्लाजा पर हुई। यहां पर टोलप्लाजा के बूम से टकराकर पूनम देवी (30) निवासी तेलियाबाग-चेतगंज वाराणसी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके पति लालबहादुर ने बताया कि वह पूनम देवी को बाइक से बरौत-प्रयागराज राखी बंधवाने जा रहा था। टोलप्लाजा पर बाइक अनियंत्रित होकर गिरे बूम से टकराने के कारण पूनम घायल हो गई।