भदोही। औराई रोड ट्रेड टैक्स कार्यालय के पास रविवार की सुबह करीब छह बजे मिट्टी लदे ट्रैक्टर के धक्के से एक महिला की मौत हो गई। वह कहीं काम करने जा रही थी। राजकीय एंबुलेंस ने शव को राजकीय महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल पहुंचाया। जहां से पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मधुबनी (बिहार) की मूल निवासी सुलेखा वर्षों से यहां किराए पर रह रही थी। वह मजदूरी करती थी। प्रतिदिन सुबह 5.30 बजे घर से पैदल ही काम पर निकलती थी। रविवार को घर से कुछ ही दूर पर गई थी कि रजपूरा की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपने चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त घने कोहरे के चलते सड़क पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। दुर्घटना होते ही ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
सुलेखा के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा और पति बंगलूरू में काम करते हैं। छोटा बेटा और बहन उसके साथ ही रहते थे। हादसे के बाद दोनों घटना स्थल पर पहुंचे और मां का शव देखकर रोने लगे। महिला को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। परिवार के करीबी लोग भी अस्पताल पहुंच गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी ब्रिजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर चालक का पता नहीं चल पाया है। ट्रैक्टर कब्जे मे लेकर मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
कोहरे के चलते सड़क के किनारे पलटा ट्रक
दुर्गागंज। कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ गई है। रविवार की सुबह गौरा साधन सहकारी समिति के पास भदोही- दुर्गागंज रोड पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। हादसे में चालक शंकर शुक्ला (50) निवासी सुल्तानपुर घायल हो गया। उसका निजी अस्पताल में उसका उपचार कराया गया। उसने बताया कि वह बनारस से चाय, चीनी आदि सामग्री लादकर फूलपुर जा रहा था। कोहरे के कारण रास्ता समझ में नहीं आया। गड्ढा होने के कारण अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया। ग्रामीणों ने ड्राइवर को ट्रक से बाहर निकाला।
आटो से भिड़ी बाईक, बाइक सवार घायल
भदोही। मोढ़ रोड पर रविवार को सायं लगभग 7 बजे ऑटो रिक्शा और बाइक में टक्कर हो जाने से बाइक सवार घायल हो गया। घायल भोलानाथ (42) को 108 राजकीय एंबुलेंस से एमबीएस राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जाता है कि ग्राम रयां निवासी बाइक सवार भदोही से अपने गांव की ओर जा रहा था कि सामने से आई आटोरिक्शा से टक्कर हो गई। चिकित्सक के अनुसार घायल को पैर और हाथ में चोटें लगी हैं।