उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ज्ञानपुर ब्लॉक के कसिदहां गांव में गुरुवार सुबह जमीनी मामले को लेकर एक महिला अपने मासूम बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई। वह अपने परिवार के ही कुछ लोगों पर आवास निर्माण में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए खुदकुशी की चेतावनी दी।
इस दौरान उसे बचाने के लिए जब कुछ लोग ऊपर पहुंचने लगे तो वह कूदने की धमकी देने लगी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 70 फीट ऊंची टंकी पर वह चढ़ी जिसके बाद से गांव में हड़कंप की स्थिति रही। मौके पर जुटे ग्रामीण और परिवार के लोग उसे उतरने के लिए काफी मान-मनौवल करते रहे, लेकिन नहीं मानी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां पर लगभग ढाई घंटे की मशक्कत करने के दौरान भी महिला टंकी से नीचे नहीं उतरी। टंकी पर चढ़ी महिला काफी समझाने और आश्वासन देने के बाद करीब साढ़े दस बजे पानी की टंकी से नीचे उतरने को राजी हुई। पुलिस की मानें तो वह चाहती है कि जिस स्थान पर वह निर्माण करवा रही है उसे कोई रोकटोक न करे। अब उसकी बात सुनकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।