गोपीगंज। नगर क्षेत्र में इन दिनों ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। रविवार की देर शाम ठगों ने मिर्जापुर त्रिमुहानी पर महिला को मां लक्ष्मी का दर्शन कराने का झांसा देकर सोने-चांदी के जेवर और नगदी उचक्के ले उड़े।
हनुमान गढ़ी निवासी विजय सेठ की पत्नी रानी सेठ रविवार की देर शाम मिर्जापुर तिराहे से आ रही थी। इसी बीच एक व्यक्ति पहुंचा और पूछा कि यहां पर आंख का कैंप कहां लगा है। बातचीत के दौरान उसने कहा कि मैं लक्ष्मी मां का आपको साक्षात दर्शन करा दूंगा। इसी बीच एक दूसरा व्यक्ति पहुंचा और उसने उसकी बातों का समर्थन करते हुए कहा कि इन्होंने हमें मां लक्ष्मी का दर्शन कराया है। पीड़िता रानी सेठ ने बताया कि ठगों ने बातचीत के दौरान सोने के चेन कान की बाली, एक पायल सहित एक हजार रुपया ले लिया। ठगों ने कहा कि आप 51 कदम चले तो आपको मां लक्ष्मी के दर्शन होंगे। बताया कि जब वे 51 कदम चलकर वापस आई तो दोनों गायब थे, तब जाकर उन्हें अपने साथ ठगी का अहसास हुआ। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।