गोपीगंज। एक दो तीन चार, मइया जी के जय जयकार.... से कालीन नगरी गूंजायमान है। शारदीय नवरात्र के छठे दिन मंगलवार को देवी मंदिरों में प्रातःकाल से श्रद्धालुओं की कतार लग गई। श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी के चरणों में शीश नवाया। देवी मंदिरों में मां शेरा वाली के कात्यायनी स्वरूप का शृंगार किया गया।
नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी की आराधना की जाती है। नव दुर्गा में मां कात्यायनी का महत्व और शक्तियां अनंत हैं। भोर से ही मंदिरों में कतारबद्ध पुरुषों-महिलाओं ने माता रानी का श्रद्धा और उत्साह से दर्शन-पूजन किया। गोपीगंज के सदर मोहाल मे मां दुर्गा मंदिर, पश्चिम मोहाल स्थित चौरा माता मंदिर, पसियान मोहाल की मां बंबा देवी, काली देवी महाल में मां काली ज्ञानपुर रोड के शीतला देवी आदि सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। डीघ के गांधी गांव में गिराई दानूपुर मार्ग पर स्थित अति प्राचीन खोराबीर मंदिर में दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। इस मंदिर में विराजमान डीह बाबा और शायर माता भक्तों की मनोकाना पूर्ण करती हैं।
गोपीगंज। बाबा बड़े शिव व तिलेश्वरनाथ धाम में सोमवार की देरशाम देवाधिदेव महादेव का देवी के रुप शृंगार किया गया। पंच द्रव्य और सुगंधित पुष्पों से किए गए शृंगार के उपरांत निखरे अलौकिक स्वरुप का दर्शन पूजन कर श्रद्धालु हर्षित हो उठे। डमरु, शंख व करतल ध्वनि के बीच पुजारी द्वारा महा आरती की गई। मौके पर मनोज पांडेय, दीपक तिवारी किशन दुबे, दीपक मोदनवाल, शिव अग्रहरी, ओम जी जायसवाल, रितेश दुबे, संतोष पांडेय, बउलाल दुबे, अनुज, किशन तिवारी, पवन दुबे आदि रहें।
गोपीगंज। शारदीय नवरात्र में बनाए गए पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा नौ अक्तूबर बुधवार को की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही दर्शन पूजन का क्रम शुरु होगा। गोपीगंज के काली महाल में मां सिंह वाहिनी शृंगार समिति (शिवम क्लब) द्वारा 70 लाख की लागत से बनाए गए पंडाल सहित विभिन्न पंडालों में माता रानी की प्राण प्रतिष्ठा होगी।