ज्ञानपुर। औराई कोतवाली क्षेत्र के सारीपुर गांव में विद्युत तार टूटने से हुई महिला की मौत ने बिजली विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किये हैं। गांव के लोगों की माने तो पूरे गांव में जर्जर तारों का जंजाल फैला हुआ है। प्रधान ने खुद बिजली विभाग से जर्जर तारों को बदने के लिए गुहार लगाई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि वाराणसी जनपद के बिहड़ा पावर हाउस से बाबूसराय फीडर संचालित होती है। भदोही के पूर्वी और मिर्जापुर जनपद के तटवर्ती गांवों तक आपूर्ति की जिम्मेदारी औराई सर्किल पर निर्भर है। बताया कि गांव में 10 वर्ष से जर्जर तार बदलने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन एक बार भी विभाग पर असर नहीं हो सका। बरसात में हल्की हवा और तेज बारिश होने पर शार्टसर्किट की समस्या उत्पन्न हो जाती है। कई बार जर्जर तार गिरते रहे हैं, लेकिन सोमवार की घटना से सबको हिला दिया।
इनसेट-
विद्युत विभाग को जर्जर तारों और उपकरण को बदलवा देना चाहिए। कई बार इसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई है लेकिन कुछ नहीं हुआ। कई गांव में जर्जर तार गए हैं । इसके समाधान के लिए प्रधानों का प्रतिनिधि मंडल भी डीएम गौरांग राठी से मिलेगा। - मिथिलेश पाठक उर्फ पिंटू, प्रधान, सारीपुर, औराई।
पहले भी जर्जर तारों के टूटने की घटना होती रही है। लेकिन ध्यान नहीं दिया जाता रहा है। गांव के अन्य लोग भी खेतों में काम करते रहे हैं। मवेशी चरने निकलते हैं। किसी के साथ इस तरह की अप्रिय घटना हो सकती है। जर्जर तार कब बदले जाएंगे, यह कोई नहीं बता सका है। - प्रमोद पाठक, निवासी सारीपुर, औराई।