ज्ञानपुर। जनपद में पहली बार मई में बृहस्पतिवार को अचानक से हवाओं के दिशा में बदलाव हुआ है। पूरवा से पश्चिमी हवाओं का वेग चला है। इससे लोगों को लू का अहसास हुआ। गर्म हवाओं के झोकों से बचने के लिए लोग दोपहर के समय मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलें। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री के पार पहुंच गया। धूप लोगों के बदन में चूभती रही। जिले में मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच लगातार बारिश, बूंदाबादी और बादलों का असर बना हुआ था। बृहस्पतिवार को अचानक से हवा की दिशा में बदलाव हुआ और पूरवा से पछुआ हवा चलते ही गर्मी का अहसास होने लगा। तापमान में भी वृद्धि देखी गई। पारा 38 डिग्री के पार पहुंच गया। दोपहर में धूप बदन में चूभ रही थी। बिना गमछा रुमाल के सफर करने वाले राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम गर्म होने से चेहरे झूलस गए। जैसे-तैसे लोग मंजिल तक पहुंचे। वहीं, मौसम में अचानक से बदलाव होने के कारण मई के पहले सप्ताह में लोगों को गर्मी से राहत मिली। बूंदाबांदी होने से वातावरण में नमी रही। पूरवा हवा होने के कारण धूप भी अप्रैल की अपेक्षा बेअसर रही। सप्ताह में ज्यादातर मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह, दोपहर व शाम तीनों पहर में आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। दोहरा मौसम होने से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। चिकित्सकों का मानना है कि सजगता ही बीमारी से बचाव का उपाय है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवा चल रही है। बताया कि दिन में किसी भी समय आंधी संग बूंदाबांदी के आसार बन सकते हैं।