बैठक लेते जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु
प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे करने पर 15, 16 मार्च को जिले में ब्लॉक और जिला स्तर पर समाजवादी विकास दिवस का आयोजन किया जाएगा। शासन के निर्देश पर कार्यक्रम को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने मातहतों को दिशा निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाजवादी विकास दिवस पर प्रदेश सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और योजनाओं का प्रचार-प्रसार सांस्कृतिक कार्यक्रमों और साहित्य वितरण के जरिए किया जाएगा। 15 मार्च को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन होगा। डीएम ने कहा कि जिले के लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित विभाग के अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी देनी है। ताकि सरकार की नीतियां ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके और लोग जागरूक हों।
डीएम ने बताया कि दोनों दिन ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए बीडीओ को ही नोडल अधिकारी बनाया गया है। जबकि जिले में शासन से नोडल अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बीडीओ अपने ब्लॉक से सौ लाभार्थियों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में भेजेंगे। वाहन की व्यवस्था परिवहन विभाग से की जाएगी। चेतावनी दी कि आयोजन में किसी भी तरह की शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कानून व्यवस्था प्रभावित न होने पाए, इसके लिए सभी एसडीएम को विशेष निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ आरपी मिश्रा, एडीएम हरीलाल यादव, एसडीएम विपिन कुमार, समस्त बीडीओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।