ज्ञानपुर। उधारी के भवन में चल रहा उप निदेशक कृषि कार्यालय का जल्द ही अपना खुद का भवन होगा। विभाग की तरफ से भेजे गए प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिल गई है। छह बीघे में बनने वाले कार्यालय के लिए जमीन की तलाश शुरू हो गई है। इसके लिए कृषि विभाग ने एसडीएम ज्ञानपुर को पत्र लिखा है। घरांव में एसडीओ कृषि का दफ्तर बना है। इसमें जिला कृषि अधिकारी, उप निदेशक कृषि का भी कार्यालय चलता है। उप निदेशक और जिला कृषि अधिकारी का अलग से कोई कार्यालय नहीं है। एक ही कार्यालय में तीन अधिकारियों के बैठने से काफी दिक्कत होती। प्रधानमंत्री सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण, डीबीटी समेत अन्य जरूरी कार्यों को पूरा करने के लिए एक ही कक्ष में कंप्यूटर रखे गए हैं। समस्याओं को देखते हुए करीब छह महीने पूर्व उप निदेशक की तरफ से कार्यालय निर्माण के लिए शासन को पत्र लिखा गया था। जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। इससे उप निदेशक कृषि कार्यालय के नए भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। निदेशालय स्तर से जमीन की तलाश का निर्देश दिया गया है। उप निदेशक कृषि डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने कहा कि नए कार्यालय भवन के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन मिलने पर कार्यदायी संस्था का चयन कर एस्टीमेट बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2026 में नए भवन के निर्माण की उम्मीद है।