ज्ञानपुर। गांव की समस्या, गांव में समाधान के तहत ग्राम पंचायतों में होने वाले ग्राम चौपाल की पहली वर्षगांठ पर शनिवार को विकास भवन परिसर में विकास मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। प्रधानमंत्री आवास, ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिया गया।
मुख्य अतिथि सांसद रमेश चंद्र बिंद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। सभी अधिकारी इसे पूर्ण कराने में अपनी सहभागिता दें। सरकार की योजनाएं गरीबों के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल से ग्रामीणों की समस्या हर शुक्रवार उनके गांव में ही सुलझाई गई। यह पहल काफी सकारात्मक रही। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने ग्राम चौपाल के माध्यम से अफसरों को गांव-गांव तक ले गए।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने ग्राम चौपाल के एक वर्षं पूर्ण होने पर अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना किया। इसके बाद प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, आजीविका मिशन, मनरेगा समेत अन्य योजनाओं में अब तक की प्रगति पर प्रकाश डाला गया। सांसद व अफसरों ने विकास मेले में पंचायत राज विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, श्रम विभाग, प्रोबेशन विभाग, शिक्षा विभाग, लघु सिंचाई, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, जल जीवन मिशन समेत कुल 20 विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। सीडीओ यशवंत कुमार सिंह, ब्लाॅक प्रमुख प्रियंका बिंद, आरती सिंह, अनीता गौतम, बृजमोहन मिश्रा, डीआईओएस विकायल भारती, उपायुक्त एनआरएलएम श्यामजी, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह, डीडीओ ज्ञानप्रकाश, उपायुक्त मनरेगा राजा राम, उप निदेशक कृषि डॉ. अश्वनी कुमार सिंह आदि रहे।
-
इनसेट
मंच पर नहीं मिला स्थान, लौटे भदोही विधायक
विकास भवन में विकास मेला एवं प्रदर्शनी में का कार्यक्रम शुरू होने के समय पहुंचे भदोही के विधायक जाहिद बेग को उचित स्थान नहीं मिल सका। कुछ देर इंतजार के बाद वह स्टॉल का अवलोकन कर लौट गए। उन्होंने बताया कि वे विपक्ष के विधायक हैं इसलिए ध्यान न दिया गया होगा। अपनी जनता से मिला और लौट आया। सीडीओ का कहना है कि वे मंच तक आए ही नहीं। वे हमारे जनप्रतिनिधि हैं मंच पर अवश्य स्थान दिया जाता। दो महिला ब्लॉक प्रमुख मंच के पीछे बैठी रहीं जबकि उनके पति अगली पंक्ति में बैठे दिखे। इन बातों की खूब चर्चा रही।