ज्ञानपुर (भदोही)। शुद्धता और स्वच्छता से चिह्नित वेडिंग जोन को संक्रमण मुक्त रखने में दुकानदारों की लापरवाही ग्राहकों की सेहत को प्रभावित कर सकती है। बृहस्पतिवार को ज्ञानपुर नगर में क्लीन स्ट्रीट फूड हब योजना को सफल बनाने के लिए नि:शुल्क शिविर लगाकर 70 पटरी और रेहड़ी दुकानदारों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों की सलाह पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने वालों को दवाएं देकर पूरे परिवार को स्वस्थ रखने का परामर्श भी दिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केएन त्रिपाठी ने बताया कि दो नगर पालिका, पांच नगर पंचायतों के तहत वेंडिंग जोन चिह्नित कर दो सौ से अधिक दुकानदारों को स्वरोजगार परक बनाया जा रहा है। वेंडिंग जोन में एक साथ लगने वाली दुकानों पर अलग-अलग सामान की उपलब्धता, दुकानदार-ग्राहकों को दी जाने वाली सुविधाएं प्रदेश सरकार की गाइड लाइन में है। गाइड लाइन का पालन होने से योजना आने वाले समय में सफल होगी। डा.नंदलाल, डा.अनीस अहमद, डा.अनिल उपाध्याय, डा.रजनी, डा.नीलम ने दुकानदारों का परीक्षण कर स्वस्थ रहने के लिए शुद्धता, स्वच्छता, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और बीमारियों से बचने की सलाह दी। सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडेय ने मानक प्राधिकरण के मानक को पूरा कर रही दुकानों से खाद्य सामान खरीदने का आह्वान किया। इस मौके पर ज्ञानेंद्र चंदेल, जेपी गुप्ता, कमलेश श्रीवास्तव, रमेश, मधु आदि रहे।