भदोही। विद्युत वितरण उपखंड भदोही के अधिशासी अभियंता आरबी शर्मा का तबादला हो गया है। उनके स्थान पर ऋषि देव गौतम ने एक्सईएन पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने बिजली बकाया वसूली में तेजी लाने और बिजली चोरी रोकने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है। सोमवार को कार्यालय में उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता सभी उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली देने की है, लेकिन इसके लिए बिजली बिलों की वसूली के साथ-साथ बिजली चोरी पर रोक लगाऊंगा। उन्होंने कहा कि लोग बिजली का इस्तेमाल करें लेकिन बिल का भुगतान समय से करना होगा। इतना ही नहीं बिजली चोरी रोकने के हर जतन किए जाएंगे। यदि इसमें हमारे कर्मचारियों की मिलीभगत होगी तो ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करुंगा। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था सुव्यवस्थित करने की योजना सरकार की ओर से चलाई जा रही है। जर्जर विद्युत खंभों और जर्जर तारों को बदल कर आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। नए एक्सईएन ने कार्यभार ग्रहण करते ही मीटर रीडरों के साथ बैठक की। उनके कार्यों की समीक्षा की। कहा कि अब मीटर रीडर गलत बिल नही बना सकेंगे क्योंकि शत-प्रतिशत मीटर की फोटो खींचकर ऑटो ओसीआर एवं प्रोब के माध्यम से ही बिल बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। एक्सईएन ने कहा कि इससे गलत बिल बनने की संभावना खत्म हो जाएगी। मीटर रीडरों को शिथिलता बरतने पर चेतावनी भी उन्होंने दी।