ज्ञानपुर/अभोली। सशक्त समाजवादी के कार्यकर्ता और पाली बाजार निवासियों ने शनिवार को दुर्गागंज-ज्ञानपुर मुख्य सड़क पर हुए जलभराव में खड़े होकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि कार्यदायी संस्था ने एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं कराया तो डीएम का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सशक्त समाजवादी पार्टी ने 2018 में 83 दिनों तक अनशन करके उक्त सड़क निर्माण के प्रस्ताव को शासन से पास कराया था। कार्यदायी संस्था ने 10 करोड़ की धनराशि खर्च कर लगभग 20 किमी की सड़क बनाकर आवागमन भी शुरू करा दिया, लेकिन नाली को लेकर कोई सक्रियता नहीं दिखाई। नाली न होने से 10 करोड़ की सड़क जलभराव से पाली बाजार में बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच रही है। मुख्य सड़क के बीच में खतरनाक गड्ढों में साइकिल, बाइक, चार पहिया वाहनों के पहिए पड़ने पर गिरने और पलटने का डर हमेशा लगता रहता है। सशक्त समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बैजनाथ यादव ने कहा कि जलभराव की समस्या इसी तरह बनी रही तो पार्टीजन जिला मुख्यालय पहुंच कर डीएम का घेराव भी करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में धर्मराज, उदल, मुकेश कुमार, राजेश पाल, रमेशचंद्र, संजय कुमार, भगवती प्रसाद, प्रवीण कुमार, भुंवर साहू, राजकुुमार, राजेश आदि शामिल रहे।