ज्ञानपुर। मंगलवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मतदाता सूची में नाम कटने, अतिक्रमण, जांच रिपोर्ट, आवास, शौचालय, भूमि आवंटन का मामला अधिकारियों के लिए चुनौती बने रहे। इनसे जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। जनसमस्याएं सुन रहे एएसपी आरके वर्मा ने पुलिस की ओर से बरती जाने वाली लापरवाही में सुधार और एसडीएम चंद्रशेखर राम, तहसीलदार देवेंद्र यादव ने अतिक्रमण के मामलों का संयुक्त टीम के साथ निस्तारण कराने पर जोर दिया। फरियादियों ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्रों पर मामले का निस्तारण करने के उच्चाधिकारियों के निर्देश को स्थानीय पुलिस नहीं मानती। लिहाजा ज्यादातर मामलों का निस्तारण नहीं हो पाता। डीघ क्षेत्र के तुलसीकला गांव निवासी रामलौटन पांडेय ने कहा कि बीएलओ ने 14 से 15 वर्ष तक के लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल कर सौ से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम काट दिया है। पांच बार से शिकायत की जा रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। कम आयु के मतदाताओं का नाम हटाकर कटे नामों को शामिल कराया जाए। अभोली ब्लॉक के सरायरुद्दी गांव निवासी गिरीश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि शिकायत पर विकास कार्यों की जांच 23 दिसंबर को की गई, लेकिन रिपोर्ट अब तक उच्चाधिकारियों को न देने से लीपापोती की आशंका है। डीपीआरओ, सीडीओ, एडीएम से गुहार लगाने के बाद भी ग्राम प्रधान, सेक्रेटरी के खिलाफ आरोप पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। अभोली ब्लाक के मऊरामशाला निवासी फौजदार ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने जमीन विवाद में मारपीट कर घायल कर दिया, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। जांच कराकर मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। ज्ञानपुर ब्लॉक के पकरीकला गांव निवासी कमलेश कुमार बिंद ने कहा कि तहसील में तैनात कंप्यूटर आपरेटर की मिलीभगत से चहेते पक्ष का नाम मतदाता सूची में जोड़वाया गया, जिसकी जांच कराई जाए। पूर्व प्रधान चकभुईधर प्रदीप जायसवाल ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों के कहने पर बीएलओ, लेखपाल मनमानी ढंग से नाम काट रहे हैं। भदोही ब्लॉक के वीरभद्रपट्टी गांव निवासी लवंगी देवी ने आरोप लगाया कि पति की मौत होने के बाद उसे जमीन-जायदाद से बेदखल कर दिया गया। अब वह पुत्रों के नाम वरासत के लिए दौड़ लगा रही है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। वरासत दर्ज कराई जाए। डीघ क्षेत्र के मैलौना गांव निवासी हरिप्रसाद ने गुहार लगाई कि कुछ लोगों ने उनकी भूमिधरी जमीन पर जबरन हरा पेड़ काट कर रख दिया जिसको हटवाने की मांग की जा रही है। चौकी पुलिस जानबूझकर आरोपितों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराई जाए।