जंगीगंज। डीघ ब्लाक के जगापुर पड़ान गांव में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों और मजदूरों उस समय वापस लौटना पड़ा जब ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन कर सड़क की पैचिंग कार्य में मानक की अनदेखी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि 15 सितंबर से 15 नवंबर तक प्रदेश सरकार ने गड्ढामुक्ति अभियान चलाकर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया है, लेकिन विभागीय अधिकारी मात्र कोरम पूरा कर करोड़ों रुपये का बंदरबांट करना चाहते हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जगापुर पड़ान से बीसा गांव तक बनी विभागीय सड़क की दूरी तीन किलोमीटर है। जितना खर्च बनाने में नहीं लगा होगा उतना खर्च गड्ढामुक्त करने के नाम पर कराया जा रहा है। सही ढंग से न गड्ढे भरे जा रहे हैं न तारकोल का लेपन हो रहा है। जेई बीबी सिंह का घेराव करने पर उन्होंने सड़क को मरम्मत के प्रस्ताव में शामिल करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में प्रवीण कुमार पांडेय, विशंभरनाथ पांडेय,प्रेमचंद पांडेय, अरुण कुमार पांडेय, कन्हैयालाल, नागेश कुमार आदि रहे।