वैध कब्जा न हटने से नाराज नगरदह और पट्टीअचल सिंह के ग्रामीणों ने मनबढ़ों के खिलाफ प्रदर्शन कर प्रार्थनापत्र डीएम को दिया।
कोइरौना थाना क्षेत्र के नगरदह गांव निवासी कौशिल्या ने आरोप लगाया कि वह अपने परिवार के साथ वर्षों से जिस जमीन पर रह रही हैं उसपर अब मनबढ़ किस्म के लोग कब्जा करते जा रहे हैं। पुलिस से हुई शिकायत पर पर कोई सुनवाई न होने के कारण मारपीट करने की धमकी दी जा रही है। छोटे-छोटे बच्चों के साथ दुर्व्यवहार कर विवाद को तूल पकड़ाने से पूरा परिवार भयभीत है। सुरियावां थाना क्षेत्र के पट्टी अचल सिंह वार्ड नंबर एक निवासी सरोजा देवी ने बताया कि लगभग 50 वर्ष से एक जमीन पर जीवन-यापन करना मनबढ़ों ने मुश्किल कर दिया है। विपक्षी जबरन घर की दीवार को गिराकर कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर हाथ-पैर को तोड़ने की धमकी दी जा रही है। विपक्ष के लोगों की संख्या अधिक होने के कारण सरोजा देवी को न्याय नहीं मिल पा रहा है। मामले में उचित कार्रवाई न होने पर पीड़ित मंडलायुक्त के यहां पहुंचने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में ओमप्रकाश, पप्पू, गोगे, रंगे, खूंटे धइकार आदि रहे।