बारिश के सीजन में सड़कें मुसीबत बन गईं हैं। कच्चे मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया है। बृहस्पतिवार को मोढ़ के बनकट और अभोली के हिम्मतपुर में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
अभोली के प्राथमिक विद्यालय हिम्मतपुर में जाने के लिए कच्चा मार्ग है। पक्की सड़क के लिए कई साल से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ध्यान नहीं दिया गया। इससे नाराज ग्रामीणों और बच्चों ने बृहस्पतिवार को विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि कच्ची सड़क पर बारिश में फिसलन हो गई है। जिससे स्कूल जाने वाले बच्चे प्रतिदिन गिरकर घायल हो रहे हैं। शिक्षक भी एक किमी पहले ही वाहन खड़ी कर हाथ में चप्पल लेकर स्कूल जाने के लिए विवश हैं। इसी तरह बलिभद्रपुर में ग्रामीणों ने बदहाल सड़क को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि बनकट फाटक से बलिभद्रपुर, गड़ेरियापुर होते हुए ज्ञानपुर जाने वाला मार्ग मरम्मत न होने से टूट चुका है। हल्की बारिश में सड़क चलने लायक नहीं रहती। अविलंब सड़क न बनने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर कमलेश, विकास, अमन, सीता देवी, प्रतिमा, काजल, अनु आदि रहीं।