संवाद न्यूज एजेंसीज्ञानपुर। क्षेत्र के जोरई खावाबीर गांव स्थित पंचवटी मंदिर में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के पहले सोमवार को स्थापित होने वाली मूर्ति की ग्राम परिक्रमा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ झूमते-गाते भक्तों ने पूरे गांव में भ्रमण किया। अयोध्या के भव्य मंदिर में स्थापित होने जा रहे रामलला की मूर्ति के साथ ही गांव के पंचवटी मंदिर में भी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
जोरई खावाबीर गांव के लोगों का 30 साल बाद संकल्प पूरा होने जा रहा है। इससे वे काफी उत्साहित है। सोमवार की देर शाम पंचवटी मंदिर में प्रभु श्रीराम की मूर्ति का पूजन हुआ। मंगलवार को गाजे-बाजे के बाद पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली गई। पालकी पर सजी मां जानकी और प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के साथ पूरे गांव के लोग शोभायात्रा में शामिल हुए। जय श्रीराम के उद्घोष के साथ शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करके पुन: मंदिर पर आकर समाप्त हुई। जहां सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आरंभ हो गया। मंदिर के मुख्य पुजारी रामसागर पाठक ने बताया कि मंदिर पर 22 तारीख को भव्य उत्सव मनाया जाएगा। जिसको लेकर गांव वाले उत्साहित है। हमारा 30 साल का संकल्प पूरा हो रहा है। प्रभु श्रीराम अपने मंदिर में स्थापित होने जा रहे हैं। गांव में उत्सव का माहौल है। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान रामधन यादव, गिरजा शंकर दुबे, प्रमोद पाठक, रामजीम पाठक, मुलायम यादव, सोनू दुबे, कड़े दिन पाठक, विशाल, नीरज, आदिल, धीरज सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।