काशीराज इंटर कॉलेज महाविद्यालय औराई में स्थानांतरण प्रमाण-पत्र और अंकपत्र देने के एवज में बुधवार को छात्रों से वसूली का वीडियो वायरल हो गया। प्रधानाचार्य ने वीडियो बना रहे छात्र को कार्यालय में बैठा लिया। साथ ही वीडियो को डिलिट करने का दबाव बनाने लगे। छात्रों के आक्रोश को देख चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक नंद लाल गुप्ता ने अधिकारियों की टीम गठित कर जांच कराने का निर्देश दिया है। निजी विद्यालयों में छात्रों से अंकपत्र और अन्य अभिलेखों के लिए मनमानी वसूली की जा रही है। आए दिन विद्यालयों में वसूली की शिकायत मिल रही है। काशीराज महाविद्यालय इंटर कालेज में भी कई दिनों से शिकायत चल रही थी। इसके बाद भी कर्मचारी 200 से 300 रुपये तक की वसूली करते रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आते ही दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।