ज्ञानपुर/कौलापुर। वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण का कार्य काफी तेजी से चल रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किशोरों को भी टीका लगाने का ऐलान किया है। साथ ही बुजुर्गों के लिए बूस्टर खुराक की मंजूरी दी है। इसको लेकर युवा काफी उत्साहित हैं। वहीं किशोरों के अभिभावक को भी अपने लाडले की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री द्वारा किए गए प्रयास से खुश हैं। कहते हैं कि बच्चों की सुरक्षा पहले। इस लिए जैसे ही टीकाकरण शुरू होगा प्राथमिकता में टीका लगवाएंगे। हालांकि स्वास्थ्य विभाग अभी शासन से आने वाली निर्देश का इंतजार कर रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके चक ने बताया कि जिले में अभी लक्ष्य के अनुसार टीकाकरण कराया जा रहा है। अलग-अलग दिन अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी ने घोषणा की है। ऐसे में अब किशोरों को भी टीका लगाया जाएगा। 15 साल से लेकर 18 साल तक के बीच वालों को टीका लगाने को लेकर अभी कोई आदेश नहीं आया है। सोमवार को शासन से आदेश आने की उम्मीद है। उसी के अनुसार तैयारी की जाएगी। उन्होने टीके के साथ ही सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने, मास्क लगाने और बार-बार हाथ धाने की अपील भी की। उधर, अभिभावक बृजेश मिश्रा ने कहा कि 15 से 18 वर्ष के बीच के बच्चों को टीकाकरण की शुरूआत करना अच्छी पहल है। सभी अभिभावक इसमें बढ़-चढ़कर आगे आएंगे। बाल नाथ पांडे ने कहा कि 15 से 18 वर्ष के बच्चों की संख्या काफी जयादा होती है। इस लिए इन्हें टीका लगवाकर सुरक्षित करने का निर्णय सराहनीय है। प्रताप नारायण पांडेय ने कहा इससे हमारे बच्चों को कोविड-19 से सुरक्षा प्रदान होगी। प्रमोद तिवारी ने कहा कि कोविड-19 से पूरा विश्व परेशान है। इस स्थिति में 15 से 18 वर्ष किशोरों को टीका लगाकर सुरक्षित करने का भारत का फैसला सराहनीय है।