ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में जिले के तीन होनहारों ने परचम लहराया। इसमें एक डिप्टी जेलर और वाणिज्य कर अधिकारी बने हैं। भदोही क्षेत्र के कंसरायपुर निवासी देवेंद्र कुमार दुबे ने यूपी पीसीएस की परीक्षा में 21वीं रैंक प्राप्त किया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले देवेंद्र के चाचा राजेश दुबे शिक्षक हैं। उनकी प्रेरणा से देवेंद्र प्रथम प्रयास में पीसीएस की परीक्षा पास कर डिप्टी जेलर बने हैं। ज्ञानपुर क्षेत्र के अजयपुर निवासी सेवानिवृत्त असिस्टेंट मैनेजर श्रीराम सिंह बाबा की पौत्री नेहा सिंह ने पीसीएस परीक्षा में 40वीं रैंक प्राप्त करके असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य कर अधिकारी बनी हैं। इनके पिता कौशल कुमार सिंह प्राइवेट नौकरी करते हैं। नेहा बीते तीन सालों से दिल्ली में रहकर तैयारी करती थीं। पहले प्रयास में ही सफल रही हैं। इनकी सफलता पर कमलेश वाजपेयी, केएस पांडेय, देवी प्रसाद सिंह, जालपा प्रसाद श्रीवास्तव ने बधाई दी। ज्ञानपुर के नथईपुर निवासी सेना से सेवानिवृत्त मेजर सूबेदार शिवचंद सरोज के पुत्र अरविंद कुमार सरोज पीसीएस परीक्षा पास कर वाणिज्य कर अधिकारी बने हैं। पीसीएस परीक्षा पास करने पर परिवार के साथ गांव के लोगों ने खुशी व्यक्त जताई। नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्र प्रोत्साहन समिति के संस्थापक संतलाल यादव, ओमप्रकाश भारती, सुरेंद्र कुमार यादव, अखिलेश कुमार आदि ने बधाई दी।