ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट मंगलवार को दोपहर बाद जारी हो जाएगा। माध्यमिक शिक्षा सचिव की ओर से पत्र जारी होते ही छात्र-छात्राओं की उत्सुकता बढ़ गई है। 2023 की परीक्षा में 60 हजार 15 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। अब की बार करीब 50 दिनों में परीक्षाफल आ रहा है। कोविड महामारी के कारण 2021 और 2022 में बोर्ड की परीक्षा प्रभावित हुई, लेकिन 2023 में परिषद ने समय से परीक्षा कराई। जिले में 16 फरवरी को शुरू हुई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा चार मार्च को समाप्त हो गई। 18 मार्च से पांच अप्रैल तक कापियों का मूल्यांकन भी पूर्ण हो गया। परीक्षा और मूल्यांकन से लेकर परीक्षाफल घोषित करने में करीब 50 दिन लग गए। सोमवार को रिजल्ट जारी होने की घोषणा होते ही हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र- छात्राओं की उत्सुकता बढ़ गई।
बताते चलें कि हाईस्कूल में 16 हजार 380 छात्र, 15 हजार 68 छात्राएं और इंटरमीडिएट में 14 हजार 144 छात्र और 12 हजार 300 छात्राएं सहित कुल 60 हजार 15 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने कहा कि 25 अप्रैल को दोपहर डेढ़ बजे तक परिषद रिजल्ट जारी करेगा। छात्र-छात्राएं वेबसाइट पर रिजल्ट को देख सकेंगे।