ऊंज/गोपीगंज। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हाइवे पर हुए सड़क हादसों में तीन कांवरिया घायल हो गए और ट्रक-ट्रेलर की टक्कर में चालक-खलासी बाल-बाल बचे गए। जानकारी पर पुलिस ने पहुंच कर घायलों को अस्पताल भेजा और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन शुरू कराया।
ऊंज थाना क्षेत्र के वहिदानगर-गोधना प्राथमिक विद्यालय के सामने रॉबिन कुमार (14), हिमांशु भारती (18) निवासी अल्लापुर-प्रयागराज, अक्षय केशरवानी (20) निवासी छोटा बघाड़ा-प्रयागराज जलाभिषेक कर बाइक से लौट रहे थे। प्राथमिक विद्यालय के समीप पहुंचते ही बाइक चला रहे कांवरिया को झपकी आ गई और तीनों बाइक सहित खुले नाले में गिरकर घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक ऊंज बीके मौर्य ने बताया कि घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रॉबिन को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। मौके पर सीओ डॉ. उमेश सिंह भी पहुंच गए थे। दूसरी घटना गोपीगंज कोतवाली के लालानगर टोलप्लाजा के पास हुई। ट्रेलर चालक अरशद, खलासी हातिम रायगढ़ से लोहा लादकर राजस्थान जा रहे थे। टोल प्लाजा पार होने पर भरतपुर-राजस्थान से सरसों का तेल लादकर बिहार जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दिया। उसी समय दिल्ली से ट्रांसफार्मर लाद कर आ रहा दूसरा ट्रक भी टकरा गया। एक साथ तीन वाहनों की हुई टक्कर में किसी अनहोनी को लेकर आस-पास के लोग दौड़ पड़े लेकिन तीनों वाहनों के चालक-खलासी गुल्लू यादव, हरिहर, कृष्णा यादव, पांडव आदि बाल-बाल बच गए।