औराई। कोतवाली क्षेत्र के घोसिया बाजार के सिक्सलेन फ्लाईओवर के दक्षिणी सर्विसलेन पर रविवार की दोपहर में बाइकों की टक्कर में जेठुपुर और भवानीपुर के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
औराई के जेठूपुर निवासी प्रमोद कुमारके पास चार लड़के हैं। जिसका सबसे छोटा लड़का प्रदीप कुमार (18) रविवार की दोपहर अपनी माता तारा देवी को बाइक पर बिठाकर रिश्तेदारी में पड़ी शादी का सामान लेने के लिए घोसिया बाजार गया था। जहां सामान की खरीददारी करने के बाद वह अपनी मां को घर पर छोड़कर दुबारा किसी काम से घोसिया बाजार अपने पड़ोसी रवि (22) को बाइक पर बैठाकर चला गया। घर वापस आते समय घोसिया फ्लाईओवर के पश्चिमी सिरे के दक्षिणी सर्विस लेन पर जैसे ही पहुंचा सामने से आ रही एक बाइक से उसकी टक्कर हो गई। जहां गंभीर रूप से घायल हो गया। जिस बाइक में टक्कर हुई वह भी भवानीपुर निवासी ओंकार नाथ शुक्ला का लड़का पुनीत शुक्ला (26) चला रहा था। दुर्घटना में वह भी घायल हो गया। पुलिस ने तीनों को सीएचसी औराई लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि पुनीत को वाराणसी रेफर कर दिया। वहां जाते समय पुनीत की भी रास्ते में मौत हो गई। रवि का उपचार औराई के ही एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि भवानीपुर निवासी ओंकार शुक्ला के तीन लड़कों में पुनीत सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई धीरज की 10 मई को शादी है, जिसके लिए वह शादी की खरीददारी करने के लिए औराई की तरफ गया था। प्रदीप अपने पिता संग मजदूरी करता था। पुनीत को एक बेटा और दो बेटियां है। पुनीत की माता चंद्रकला और प्रदीप की मां तारा देवी बेटे के गम में मुर्छित हो जा रही थीं। घटना से जेठुपुर और भवानीपुर में मातम छा गया है। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कर इत्तेफाकिया घटना का मुकदमा दर्ज किया।