सुरियावां। क्राइम ब्रांच और थाने की पुलिस ने सोमवार की रात करीब 10 बजे कुसासी नहर पुलिया के पास से छिनैती गिरोह के सरगना सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा, कारतूस और चोरी के 10 मोबाइल फोन, बाइक बरामद हुई। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि 27 सितंबर को सुरियावां के नेतानगर निरंकारी भवन के पास राहगीरों से बाइक सवार युवक मोबाइल छीनकर भाग गए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। छिनैती और चोरी की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर सभी थानों को अलर्ट किया गया था। सोमवार की रात 10 बजे कुसौली नहर पुलिया के पास से संदीप विश्वकर्मा निवासी सुल्तानापुर, संदीप कुमार बिंद निवासी वारी दशरथपुर को गिरफ्तार किया गया। संदीप ने बताया कि वे छिनैती करते हैं। सबसे पहले बाइक का नंबर बदल लेते हैं। छिनैती के दौरान अगर कोई विरोध करता है तो तमंचे से हवाई फायर करते हैं। जिले में कई स्थानों पर घटना कर चुके हैं। मोबाहल बेचने पर जो पैसा मिलता है उसे बांट लेते हैं। सोमवार शाम को चार बदमाशों ने दो मोबाइल छीने थे। उसे बेचने जा रहे थे कि पकड़ लिए गए।