वाराणसी- प्रतापगढ़ रेल प्रखंड के परसीपुर स्टेशन के पास 24 घंटे में ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे का एक गैंगमैन और महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की हालत चिंताजनक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे परसीपुर स्टेशन के समीप रायबरेली निवासी गैंगमैन दुखरन (40) अपने साथियों के साथ स्टेशन के पास ट्रैक पर काम कर रहे थे। सहयोगियों के मुताबिक उसी दौरान गोरखपुर से काशी जाने वाली लोकमान्य तिलक ट्रेन आ गई। जब तक गैंगमैन वहां से हटता उसका एक पैर ट्रैक में फंस गया। इससे ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर आई रेलवे पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है। इसी तरह बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे एक 45 वर्षीय महिला परसीपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पीआरवी जवान वीरेंद्र कुमार और राजनाथ मिश्रा मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से उसे एमबीएस अस्पताल भदोही में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया। पुलिसकर्मियों के अनुसार घायल महिला बेहोशी की हालत में थी ,जिससे उसके नाम और पते की जानकारी नहीं मिल सकी।