सुरियावां/वहिदानगर: जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर विद्युत करंट की घटना में एक बालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में मातम छा गया। घटनाएं सुरियावां और वहिदानगर क्षेत्र में हुईं। सुरियावां थाना क्षेत्र के अशोक नगर में सोमवार प्लग लगाते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि गोपीगंज के अरता गांव में तीन दिन पहले करंट से झुलसे बालक की इलाज के दौरान वाराणसी के एक अस्पताल में मौत हो गई।
सुरियावां के अशोक नगर निवासी शनी मौर्य (21) सोमवार को निर्माणाधीन मकान के छत पर बोर्ड में प्लग लगा रहा था। उसी समय करंट की चपेट में आकर छत पर ही गिर गए। कुछ देर बाद जब मजदूर छत पर पहुंचे तो शनी को देखकर शोर मचाया। परिजन शनी को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक शनी तीन भाई, एक बहन में सबसे छोटा और स्नातक का छात्र था।
वहिदानगर: ज्ञानपुर कोतवाली के सिंहपुर निवासी राजकुमार सरोज का पुत्र रवि सरोज (8) शनिवार को अपने ननिहाल अरता गया था। किसी कार्य के लिए रवि समेत पांच लोग लोहे की पाइप लेकर जा रहे थे और रास्ते में लटक रहे हाईटेंशन लाइन के तार में पाइप सट जाने के कारण पांचों लोग तीन दिन पहले ही झुलस गए थे। पुलिस ने करंट से झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघ में भर्ती करायी, जहां रवि सरोज की हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने कबीरचौरा अस्पताल वाराणसी रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान रवि की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक कोइरौना जयप्रकाश ने बताया कि देर शाम तक मृतक रवि सरोज का शव अरता गांव नहीं आ सका था। शव आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।