स्थानीय थाना क्षेत्र के गड़बड़ा राजा गांव में मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित मोबाइल फोन की दुकान से चोरी करने के आरोप में दो लोगों को पुलिस ने चोरी के सामान के साथ बृहस्पतिवार को पकड़ा। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के गलरा गांव निवासी महबूब आलम की मोबाइल फोन की दुकान से 27 जुलाई को खिड़की तोड़कर चोर मोबाइल सहित लैपटॉप व नकद उठा ले गए थे। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार को गड़बड़ा-हलिया मार्ग के हनुमान मंदिर के पास से सामान लेकर बेचने जाते समय गड़बड़ा राजा गांव निवासी सावन कुमार व अमन कुमार को पकड़ लिया गया। उनके पास से दो लैपटॉप, 18 मोबाइल फोन, छह मोबाइल चार्जर, 20 डाटा केबल, दो स्पीकर, एक टार्च व 1500 रुपये नकद बरामद हुए। उन्होंने बताया कि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद