जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। औराई कोतवाली के महाराजगंज-चौरी मार्ग पर कंसापुर गांव के पास मंगलवार को दोपहर में आटो की चपेट में आने से बाइक सवार सर्वतखानी-चौरी निवासी हृदय नारायण बिंद (40) की मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई जीतनारायण बिंद ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि बड़ा भाई हृदय नारायण अपने पुत्र आदर्श और पुत्री नीतू को पुत्र-पुत्री को साथ लेकर लाट रहा था कि कंसापुर गांव के सामने तीन पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी में भर्ती कराया जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर ले जाते समय कछवां में मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात चालक तीन पहिया वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उधर गोपीगंज कोतवाली के टोलप्लाजा-लालानगर के समीप मंगलवार शाम को चाय पीकर घर लौट रहे कोईलरा निवासी लक्ष्मीकांत बिंद (26) की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि मृतक लक्ष्मीकांत पांच बहनों में इकलौता था। प्रतिदिन की तरह वह टोलप्लाजा से लौट रहा था कि वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही कार ने चपेट में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज केके सिंह ने कहा कि चालक समेत कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसी तरह जीयनपुर गांव के समीप चार पहिया की चपेट में आने से अजीत यादव (25) और विशुनपुर में ट्रैक्टर की चपेट में आने से माता प्रसाद (35) घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
सूर्यमणि शुक्ला-अब्दुल वहीद