लालानगर/घोसिया। शुक्रवार को देर रात अंडरपास ब्रिज अमवां और घोसिया के पास हुए सड़क हादसे में चालक राजेश कुमार (32), दुकानदार विनय मौर्या (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहली घटना उस समय हुई, जब रात में अनुबंधित बस को चालक राजेश कुमार प्रयागराज से वाराणसी लेकर जा रहा था। अमवां ब्रिज के पास बस तकनीकी खराबी आ जाने से बस रुक गई। काफी प्रयास करने के बाद जब बस चालू नहीं हो सकी तब सवारियों को दूसरी बस में बैठाकर चालक खराब पड़ी बस में ही सो गया। उसी समय पीछे से आ रहे किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया। इससे वह घायल हो गया। दूसरी घटना रात में ही घोसिया ब्रिज के पास हुई। यहां बाइक की चपेट में आने से ठेला दुकानदार विनय मौर्या निवासी बलिया घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया,लेकिन हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।