संवाद न्यूज एजेंसीघोसिया। औराई कोतवाली क्षेत्र के नटवां के पास वाराणसी-प्रयागराज हाइवे पर काविड़ियों के लिए सुरक्षित की गई उत्तरी लेन पर दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर में एक बाइक पर सवार तीन कांवड़ियां गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार एक महिला व एक युवक घायल हो गए। सभी आनन-फानन में औराई सीएचसी पहुंचाया गया। जहां तीनों कांवड़ियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहीं मामूली रूप से घायल महिला व युवक के प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर छोड़ दिया गया। इस बीच सुरक्षित लेन पर चल रहे एक ट्रैक्टर चालक दुर्घटना देख अपना नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर डिवाइडर पर चढ़ा दिया।
जानकारी के मुताबिक प्रयागराज के अमरसापुर निवासी पिंटू 32 व सोनी पत्नी पप्पू 35 के साथ वाराणसी काशी विश्वनाथ धाम जल चढ़ाकर वापस लौट रहे थे। वहीं दूसरी तरफ जौनपुर जिले के सुरेसी, सुल्तानपुर निवासी भइयालाल चौहान 35, महेश चौहान 22 और सनी चौहान एक ही बाइक पर सवार होकर काशी विश्वनाथ धाम जल चढ़ाने के लिए जा रहे थे। दोनों बाइक सवार हाइवे के सुरक्षित लेन पर एक-दूसरे की विपरित दिशा में जा रहे थे। इस बीच नटवा एक होटल के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिंड़त हो गई। जिसमें सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे औराई प्रभारी निरीक्षक नागेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी घायलों को औराई सीएचसी भर्ती कराया। जहां एक बाइक पर सवार तीनों कांवड़ियां भइयालाल, महेश और सनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहीं मामूली रूप से चोटिल हुई सोनी और पिंटू को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। प्रभारी निरीक्षक नागेन्द्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां तीनों कांवड़ियाें की गंभीर स्थिति के कारण वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
सुरक्षा में सेंध, उत्तरी लेन पर कैसे घुसा ट्रैक्टर
घोसिया। जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को देखते हुए वाराणसी-प्रयागराज हाइवे के उत्तरी लेन को 58 दिनों के लिए कांवड़ियों के लिए सुरक्षित कर दिया है। इस बीच हाइवे पर बनाए गए 35 कट प्वाइंट काे चिन्हित कर वहां 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शनिवार की शाम जब दोनों बाइक की आपस में टक्कर हुई। इस दौरान हाइवे के उत्तरी लेन पर ही एक ट्रैक्टर चालक भी चल रहा था, जो दोनों बाइकों की टक्कर देखने के बाद अनियंत्रित होकर हाइवे की डिवाइडर पर चढ़ गया। बड़ा सवाल है कि जब सभी कट प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती है तो फिर ट्रैक्टर चालक कैसे उत्तरी लेन पर घुस गया। गनीमत रहा कि ट्रैक्टर चालक डिवाइडर पर चढ़ गया। अन्यथा कांवड़िया भी उसकी चपेट में आ सकते थे।