चौरी। थाना क्षेत्र के मोरवा पुल के पास शनिवार को दोपहर में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को भदोही के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वाराणसी जिले के कपसेठी निवासी उदितनारायण (54) और बंशी सरोज (46) बाइक से भदोही आए थे। यहां से दोनों अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक मोरवा पुल के पास पहुंची सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार राजमणि राजभर (36) निवासी रामपुर जौनपुर को चोट आई। बाइक से सड़क पर गिरे घायलों को राहगीरों ने वाहन में लादकर भदोही के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है ।