गोपीगंज। बैंक खातों से जालसाजी का सिलसिला थम नहीं रहा। नगर के इंडसइंड बैंक से महिला उपभोक्ता मिलन जायसवाल के खाते से पांच बार में दो लाख 28 हजार 500 रुपये निकल गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। भुक्तभोगी मिलन जायसवाल पत्नी मनीष जायसवाल ने तहरीर में बताया कि उसका डेबिट कार्ड काम नहीं कर रहा था, जिसकी शिकायत हमने बैंक में कार्यरत कर्मी से किया। काम के व्यस्तता का हवाला देकर उसने टोल फ्री नंबर दिया। घर पहुंचकर टोल फ्री पर बात किया। उसके बाद जो पूछा गया मैं बताती गई। करीब आधे घंटे बाद खाते से पांच बार में दो लाख 28 हजार निकालने का मेसेज आया। जब उक्त कर्मचारी से बात किया तो वह टोल मटोल जवाब दिया। पुलिस ने टोल फ्री नंबर के आधार पर अज्ञात पर केस दर्ज किया। कोतवाली प्रभारी केके सिंह ने कहा कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।