ज्ञानपुर। कालीन नगरी में धीरे-धीरे गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक सप्ताह से लगातार तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। जिले में मंगलवार को अप्रैल माह का सबसे गर्म दिन रहा। तीखी धूप में लोग छांव की तलाश करते दिखे। मंगलवार का अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर हवा भी 23 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। सुबह 10 बजे से ही तीखी धूप लोगों को घरों में कैद कर दे रही है। दोपहर के समय ज्यादातर लोग अगर जरूरी काम नहीं है तो बाहर निकलना पसंद नहीं कर रहे हैँ। गर्मी के कारण अभी से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। राहगीरों को तीखी धूप से बचने के लिए गमछे का सहारा लेना पड़ रहा है। जो लोग बाहर निकल रहे हैँ, तो तीखी धूप से बचने के लिए छांव ढूंढ़ते फिर रहे हैँ। लोगों का कहना है कि अगर अभी यह हाल है तो मई-जून के महीने में और दिक्कत होगी। कृषि केंद्र बेजवां मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में यह और भी बढ़ने की आशंका है। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है।