लालानगर टोल प्लाजा के पास आगलगने से जलता ट्रक। संवाद
लालानगर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित लालानगर टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार की शाम गाजीपुर से कानपुर जा रहे एक ट्रक में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में कानपुर के बर्रा-7 निवासी चालक विजय कुमार शर्मा बाल-बाल बच गया, जबकि वाहन में रखा नकदी व जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। चालक विजय शर्मा ने बताया कि ट्रक कानपुर जा रहा था। लालानगर टोल प्लाजा पार करने के बाद वह ट्रक खड़ा कर पानी लेने गया था। इसी दौरान अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा जो देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। चालक के अनुसार ट्रक में रखे लगभग 22 से 23 हजार रुपये नकद, कागजात व अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना के बावजूद दमकल वाहन के पहुंचने में विलंब हुआ। एनएचएआई कर्मचारियों व स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा पर उपलब्ध पानी के टैंकर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।