संवाद न्यूज एजेंसी ज्ञानपुर। जिले में शनिवार की रात 42 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आई आधी से जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति 24 घंटे से अधिक समय तक बाधित रही। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। पेयजल का संकट खड़ा हो गया।
जिले में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस है। शनिवार की रात करीब 12 बजे के आसपास तेज आंधी और लगभग 10 से 15 मिनट तक बारिश हुई। आंधी से जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए हैं। ज्ञानपुर में नगर में दुर्गागंज तिराहे के पास बिजली के खंभे पर पेड़ गिरने से 11 हजार वोल्ट की लाइन टूट गई। इससे नगर और आसपास के इलाकों बिजली गुल हो गई। रविवार की शाम को पोल बदलकर आपूर्ति बहाल की गई। नगर की आबादी करीब 22 हजार के आसपास है। आसपास के कुछ गांवों में बिजली गुल रही। सुबह का पेयजल संकट पैदा हो गया।
गोपीगंज में छतों पर रखा सामान टिन शेड उड़ गए। ऊंज में कई पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं। सड़क पर पेड़ों के गिरने से रास्ता बाधित हो गया।बिजली का तार टूट जाने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। शाम पांच बजे के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकी। महराजगंज के ठठरा पावर हॉउस से मिलने वाली बिजली सप्लाई दो दिन से बार-बार ट्रिप हो रही है। इससे 15 हजार की आबादी परेशान है।
विद्युत उपखंड ज्ञानपुर के एक्सईएन आदित्य पांडेय ने बताया कि आंधी के कारण दुर्गागंज तिराहे पर पेड़ गिरने से बिजली खंभा धराशायी हो गया है। बिजली कर्मियों द्वारा उसे दुरूस्त कराया जा रहा है। आपूर्ति शाम सात बजे के बाद ही हो सकने की संभावना है।