ज्ञानपुर नगर में तीन सवारी जाते बाईक सवार। संवाद
ज्ञानपुर। जिले में एक महीने तक चलने वाले यातायात माह का रविवार को समापन हो गया। एक माह यातायात विभाग की टीम ने जमकर चालान काटे। इसके बाद भी युवाओं के व्यवहार में परिवर्तन नहीं आ सका है। एक महीने में कुल 13 हजार चालान काटे गए। इसमें 12100 चालान केवल बाइकों के रहे। 900 चालान चारपहिया वाहनों के रहे। जिनके चालान कटे हैं, उनमें 90 फीसदी से ज्यादा युवा शामिल हैं। दूसरे पखवारे में 90 पुलिसकर्मियों के भी चालान काटे गए। जिले में एक से 30 नवंबर के बीच ज्ञानपुर, भदोही, सुरियावां, गोपीगंज, औराई, जंगीगंज, चौरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में यातायात माह चलाया गया। 15 नवंबर तक जिले में सात हजार वाहनों का चालान काटा गया था। इसमें एक भी पुलिसकर्मी नहीं थे। दूसरे पखवारे में 16 से 30 नवंबर तक करीब छह हजार वाहनों के चालान काटे गए। दूसरे पखवारे में प्रशासन की चाल सुस्त पड़ गई। यातायात माह में कुल 13 हजार वाहनों के चालान काटे गए। यातायात माह में वाहन चालकों को नियमों का पाठ पढ़ाया गया। मंजिल पर समय से पहुंचने के लिए समय से पहले निकलें। सुरिक्षत यात्रा सब की जिम्मेदारी है। बाइकों का 80 फीसदी चालान बिना हेलमेट के सफर करने पर हुआ है। बाकी नंबरप्लेट, ओवलोडिंग सवारी पर हुआ है। वहीं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाने पर 50 फीसदी चालान काटा गया है। जिले में यातायात पुलिस ने जमकर चालान काटे। यातायात माह के पहले पखवारे में सात हजार चालान में एक भी पुलिसकर्मी का चालान नहीं हुआ था। इसे लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की तो सक्रिय हुई यातायात पुलिस ने पुलिसकर्मियों के भी चालान काटने शुरू कर दिए। दूसरे पखवारे में करीब 90 पुलिसकर्मियों का चालान हुआ। इसमें अधिकतर पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय बिना हेलमेट के पहुंचने वाले पुलिसकर्मी शामिल थे।