अजिमुल्लाह चौराहे पर सीवर के लिए खोदे गई सड़क और मलबा। संवाद
भदोही। नगर पालिका की ओर से जलनिकासी के लिए तकिया कल्लन शाह से अजिमुल्लाह चौराहा, कटरा बाजार होते हुए बिछाई जा रही सीवर लाइन के कार्य के लिए सड़क खोदकर छोड़ दिए जो से परेशानी खड़ी हो गई है। अजिमुल्लाह चौराहे से इसकी शुरुआत होने के बाद खोदी गई सड़क और मलबे के ढेर से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। पालिका के अनुसार इससे तकिया कल्लन शाह के पास सीवर ओवरफ्लो की समस्या समाप्त हो जाएगी। नगर के अजिमुल्लाह चौराहा, कटरा बाजार के मुहाने पर बीते एक सप्ताह से सीवर बिछाने का काम चल रहा है। एक सप्ताह में 20 मीटर सीवर पाइप नहीं डाली जा सकी है। सड़क किनारे मलबा पड़ा हुआ है और मेन रोड के साथ कटरा बाजार की ओर आवागमन दुश्वार हो गया है। मलबे के कारण लोगों का आना-जाना भी प्रभावित हो रहा है। नगर के कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के कार्य झटपट कराए जाते हैं। एक सप्ताह में जब 20 मीटर पाइप बिछाएंगे तो आगे जहां मार्ग सकरा है, वहां आवागमन की स्थिति क्या होगी? इसी तरह कटरा बाजार के सभासद गिरधारी जायसवाल ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका काजियाना मोहल्ला के कसाई टोले का पानी तकिया कल्लन शाह से कटरा बाजार के सीवर के माध्यम से बहाना चाहती है। हम ऐसा नहीं होने देंगे, क्योंकि काजियाना का पानी कटरा बाजार के सीवर में मिलते ही कटरा बाजार का पानी भी ओवर फ्लो होने लगेगा और समस्या बड़ी हो जाएगी। बताया कि मामले की शिकायत ईओ से भी की गई है।