कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते गोपीगंज के व्यापारी। स्रोत संगठन
गोपीगंज नगर में अतिक्रमण पर हुए सीमांकन से व्यापारी नाराज हो गए हैं। मंगलवार को व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। उनका आरोप है कि मनमाने ढंंग से दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लाल पेंट से सीमांकन किया गया है। डीएम ने प्रकरण की जांच के लिए एसडीएम ज्ञानपुर और एनएचएआई के अधिकारी को नामित किया है। व्यापारियों ने बताया कि जीटी रोड के नीचे दोनों तरफ दुकानदार रहते हैं। मकान में ही दुकान खोलकर लोग जीवन यापन करते हैं। जीटी रोड फोर लेन सड़क पटरी या नाली पर अतिक्रमण नहीं किया गया है। लेकिन 23 मई को एसडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में टीम ने जीटी रोड के दोनों तरफ स्थित 203 मकानों के चबूतरों व दीवारों पर लाल पेंट से निशान लगा दिया। गोपीगंज टाउन के अंदर वर्ष 2005 से जीटी रोड से फोरलेन सड़क चौड़ीकरण के समय सड़क सर्विस लेन, ड्रेनेज और नाला 30 मीटर के दायरे में बना है। इस मौके पर गौरीशंकर, रमेश कुमार, जगदीश, हृदय, विनोद यादव, बृजेश कुमार माैजूद रहे।