ज्ञानपुर। गृहणियों को अब दाल में तड़का लगाने से पहले एक बार सोचना पड़ेगा क्योंकि टमाटर के दाम में 20 रुपये की तेजी आई है। महीने भर बाद टमाटर के दाम संग अन्य सब्जियों के दाम में बढ़ोत्तरी होने से किचन का बजट बिगड़ गया है। आलू संग टमाटर हर सब्जी की जरूरत होती है। इसके अलावा सलाद में भी इसका प्रयोग बहुतायत होता है। आवक कम होने से इन दिनों टमाटर के दाम दो गुने बढ़ गए हैं। इससे गृहणियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार साहिल राइन, समिर राइन ने बताया कि सब्जी के दामों में मामूली वृद्धि हुई है। बाजार में इस समय दो तरह के टमाटर है। फ्रेंश टमाटर 60 रुपये प्रति किलो है, साथ ही 40 रुपये वाला भी टमाटर है। दो से तीन दिन पूर्व 25 से 30 रुपये किलो टमाटर बिक रहा था। कुंवरगंज की गृहणी कंचन ने कहा कि 24 घंटे में टमाटर के दाम में डेढ़ से दोगुने की वृद्धि हो गई है। शनिवार को 30 रुपये किलो में टमाटर ले गई जबकि रविवार को 60 रुपये में लेना पड़ा। इसी तरह शिमला मिर्चा 80 रुपये, नेनूआ 30, अदरक 80, बोड़ा 60, खीरा 40, मिर्चा 60, लहसून 50, कद्दू 30, भिंडी 30, लौकी 20, पालक 20 रूपये की एक गड्डी, कुंनरु 30 रुपये प्रतिकिलो फूटकर में बिक रहा है। वहीं कुछ दिन पहले 20 रुपये बिकने वाला सूरन 40 में बिक रहा है। ज्ञानपुर के दुर्गागंज तिराहा स्थित सब्जी मंडी से टमाटर लेकर आए किसान काजू ने बताया कि जो मूल्य मिल जाए, उसी दाम पर टमाटर दे देते हैं।